फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन की अध्यक्षता में फिल्म पॉलिसी पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

रायपुर: छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) सुश्री मोना सेन जी की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य की फिल्म पॉलिसी के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देना एवं फिल्म उद्योग से जुड़े हितधारकों के साथ संवाद स्थापित करना था। बैठक में हिंदी फिल्म, क्षेत्रीय भाषा की फिल्में, ओटीटी फिल्में सहित सभी श्रेणियों में उपलब्ध सब्सिडी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही सिनेमा घरों के निर्माण पर मिलने वाली सब्सिडी, फिल्म शूटिंग से जुड़े उपकरणों की खरीदी पर अनुदान, तथा सिनेमा घरों के मरम्मत कार्यों पर उपलब्ध सहायता के विषय में भी विस्तारपूर्वक बताया गया। संस्कृति विभाग के निदेशक श्री विवेक आचार्य ने सब्सिडी प्राप्त करने की प्रक्रिया, पात्रता, आवेदन की समय-सीमा एवं आवश्यक औपचारिकताओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किस प्रकार और किन शर्तों के तहत संबंधित हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया जाएगा। बैठक में उपस्थित निर्माताओं एवं फिल्मकारों ने फील्ड में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों से अधिकारियों को अवगत कराया। इन समस्याओं के समाधान हेतु सार्थक चर्चा की गई। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने बैठक को सकारात्मक और उपयोगी बताते हुए कहा कि पहली बार इस प्रकार फिल्म पॉलिसी पर इतनी विस्तृत एवं पारदर्शी चर्चा आयोजित की गई है। उनका मानना है कि आने वाले समय में इस पहल से फिल्म निर्माताओं, प्रोड्यूसर्स और कलाकारों को व्यापक लाभ मिलेगा। संस्कृति विभाग के निदेशक एवं टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने छत्तीसगढ़ में विकसित की जा रही फिल्म सिटी की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य में फिल्म टूरिज्म के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में छत्तीसगढ़ फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। बैठक में उपस्थित फिल्म निर्माता एवं प्रतिनिधि बैठक में श्री प्रेमचंद्राकर, श्री भूपेंद्र साहू, श्री मोहित साहू, श्री मोहन सुंदरानी, श्री लखी सुंदरानी, श्री मनोज वर्मा, श्री योगेश अग्रवाल, श्री राज वर्मा, श्री सतीश जैन, श्री रॉकी दसवानी, श्री अनुपम वर्मा, श्रीमती गायत्री केशरवानी, श्री संतोष जैन, श्री अनुमोद राजवैध्य, श्री प्रकाश अवस्थी, अरिहंत फिल्म्स के प्रतिनिधि, श्री गजेंद्र श्रीवास्तव, चकोर फिल्म्स के प्रतिनिधि, श्री राजन् दादा, श्री अलख राय, श्री मनीष मानिकपुरी तथा श्री अशोक तिवारी उपस्थित रहे।

फ़रवरी 23, 2026 - 19:30
 0  13
फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन की अध्यक्षता में फिल्म पॉलिसी पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित