*मोदी की गारंटी के वादे पूरे करने सहायक शिक्षकों का हुंकार, बेमेतरा में एकदिवसीय धरना-रैली*

बेमेतरा:- छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के बैनर तले सहायक शिक्षकों ने मोदी की गारंटी के तहत लंबित मांगों को लेकर आज जिला मुख्यालय बेमेतरा में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में जुटे शिक्षकों ने रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और सरकार से वादों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। *चार सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा गया ज्ञापन* जिला अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि ज्ञापन में चार प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें प्रदेश के सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर कर क्रमोन्नत वेतनमान प्रदान करना, एलबी संवर्ग के शिक्षकों की पुरानी सेवा की गणना कर समस्त लाभ देना, टेट की अनिवार्यता समाप्त करने हेतु राज्य सरकार द्वारा पहल करना तथा वीएसके एप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति के स्थान पर कोई अन्य सुरक्षित एवं व्यावहारिक व्यवस्था उपलब्ध कराना शामिल है। न्याय की गुहार लगाने सड़क पर उतरे शिक्षक धरना को संबोधित करते हुए प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष कौशल अवस्थी ने कहा कि ब्लैक लेस डे के अवसर पर शिक्षक एक दिन का अवकाश लेकर न्याय की गुहार लगाने सड़कों पर उतरे हैं। सरकार ने मोदी की गारंटी के तहत सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर कर क्रमोन्नति वेतन देने का वादा किया था, आज उसी वादे को याद दिलाने शिक्षक अपने विद्यालयों से निकलकर आंदोलन कर रहे हैं। *आंदोलन और तेज करने की चेतावनी* जिला अध्यक्ष पोखन साहू ने कहा कि धरना स्थल पर उमड़ा शिक्षकों का जनसैलाब यह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि प्रदेश का शिक्षक वर्ग अब अपने साथ किए गए वादों को पूरा कराकर ही दम लेगा। यह एकदिवसीय आंदोलन सरकार के लिए चेतावनी है, यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले समय में यह आंदोलन और व्यापक रूप लेगा। *सैकड़ों शिक्षक रहे उपस्थित* धरना-प्रदर्शन में प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष कौशल अवस्थी सहित जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल, ओम नारायण साहू, सुनील साहू, बाबूलाल गोयल, अजय यादव, योगेंद्र साहू, गेंदराम वर्मा, राजा वर्मा, गुरुचरण पटेल, दिलीप पटेल, मनीष पाटिल, सुनील शर्मा, सुरेश रावत, दीपक राजपूत, धनेश रजक, सुनीता साहू, हिमकल्याणी सिन्हा, हिरमत ठाकुर, नीलिमा कन्नौजे, लेखा रजक, लीलावती सिन्हा सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे। धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन शिक्षकों के तेवर साफ संकेत दे रहे थे कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा।

जनवरी 17, 2026 - 18:43
 0  22
*मोदी की गारंटी के वादे पूरे करने सहायक शिक्षकों का हुंकार, बेमेतरा में एकदिवसीय धरना-रैली*