सर्वोदय तालाब पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर ग्रीन आर्मी संस्था ने उठाई आवाज

रायपुर। ग्रीन आर्मी संस्था द्वारा शहर के महत्वपूर्ण जलस्रोत सर्वोदय तालाब पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया गया है। उल्लेखनीय है कि सर्वोदय तालाब, जो कि अरविन्द दीक्षित वार्ड क्रमांक 56 अंतर्गत पचपेड़ी नाका से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित है, उसकी भूमि पर स्थानीय नागरिकों द्वारा विगत माह सितंबर 2025 से अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है। इस संबंध में जोन क्रमांक 10 नगर निगम द्वारा कई बार नोटिस जारी किए गए, किंतु अब तक कोई ठोस एवं सकारात्मक कार्रवाई सामने नहीं आई है। स्थानीय मोहल्ला विकास समिति विगत 25 वर्षों से तालाब के संरक्षण हेतु सतत प्रयास कर रही है। इसी क्रम में ग्रीन आर्मी संस्था भी पिछले 4 वर्षों से सर्वोदय तालाब को संरक्षित रखने हेतु संघर्षरत है। लगभग 20 दिन पूर्व ग्रीन आर्मी संस्था द्वारा सर्वोदय तालाब की समस्याओं को लेकर कलेक्टर, महापौर, अपर आयुक्त एवं नगर निगम आयुक्त को लिखित पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई थी। ग्रीन आर्मी संस्था का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो आने वाले वर्षों में सर्वोदय तालाब का अस्तित्व समाप्त हो सकता है, जिससे क्षेत्र में जल संकट एवं पर्यावरणीय असंतुलन उत्पन्न होगा। अतः ग्रीन आर्मी संस्था शासन-प्रशासन से विनम्र किंतु गंभीर आग्रह करती है कि इस विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि इस जनहितकारी एवं ऐतिहासिक जलस्रोत को सुरक्षित रखा जा सके।

फ़रवरी 3, 2026 - 17:18
 0  12
सर्वोदय तालाब पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर ग्रीन आर्मी संस्था ने उठाई आवाज