टीईटी परीक्षा दिलाकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

अंबागढ़ चौकी। तेज रफ्तार वाहन ने एक मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया, जिससे मोटरसाइकिल चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई. बाइक पर उसके साथ बैठी उसकी मंगेतर घायल हो गई. यह हादसा ग्राम बिहरीकला में हुआ. पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है. घटना की जांच की जा रही है.जानकारी के अनुसार, जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम सरोली थाना खडगांव निवासी एक किसान ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 1 फरवरी को उसका पुत्र कामता प्रसाद उर्वशा अपनी होने वाली पत्नी भारती रावटे के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एबी 4587 से राजनांदगांव टीईटी परीक्षा दिलाने गया था. परीक्षा बाद दोनों शाम को वापस घर लौट रहे थे. रिपोर्ट के अनुसार शाम लगभग 8.45 बजे ग्राम बिहरीकला चौक के पास पीछे से आ रहे वाहन क्रमांक सीजी 06 एचपी 9555 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी भीषण थी कि कामता प्रसाद उर्वशा के सिर के ऊपर से वाहन का पहिया गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलने पर परिजन शासकीय अस्पताल अंबागढ़ चौकी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कामता प्रसाद उर्वशा को मृत घोषित कर दिया. हादसे में साथ बैठी उसकी मंगेतर भारती रावटे के दाहिने हाथ में भी चोट आई है. शिकायत पर पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है.

फ़रवरी 3, 2026 - 12:59
 0  24
टीईटी परीक्षा दिलाकर लौट रहे युवक की  सड़क हादसे में मौत