नवा रायपुर में खुला छत्तीसगढ़ का पहला अंतरिक्ष केंद्र, युवाओं के सपनों को मिलेगा नया आकाश!

रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ के अवसर पर कहा है कि यह अत्यंत खुशी, संतोष और गर्व का क्षण है कि जिस संकल्प के लिए मैंने प्रयास किया, वह आज साकार हुआ। उन्होंने सोशल मीडिया में एक पोस्ट के माध्यम से कहा कि नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ होना केवल एक संस्थान का उद्घाटन नहीं, बल्कि राज्य के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। यह केंद्र छत्तीसगढ़ को स्पेस टेक्नोलॉजी हब बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जहां हमारे छात्र और युवा वैज्ञानिक स्पेस रिसर्च, नवाचार और तकनीकी प्रशिक्षण के नए अवसर प्राप्त करेंगे। अगस्त 2025 में आंध्र प्रदेश प्रवास के दौरान श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के भ्रमण से प्रेरित होकर मैने 08/09/2025 को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन जी को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में रायपुर में अत्याधुनिक स्पेस लैब एवं सिम्युलेटर स्थापित करने का आग्रह किया था। साथ ही लोकसभा में नियम 377 के तहत यह विषय उठाया। आज यह सपना नवा रायपुर में साकार हो रहा है, यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का छत्तीसगढ़ की जनता की तरफ से हृदय से आभार। अब छत्तीसगढ़ के युवा भी इसरो, नासा और वैश्विक मंचों पर राज्य का नाम रोशन करेंगे। यह नई पीढ़ी की उड़ान की शुरुआत है, जो छत्तीसगढ़ को अंतरिक्ष विज्ञान के मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी।

फ़रवरी 3, 2026 - 13:38
 0  22
नवा रायपुर में खुला छत्तीसगढ़ का पहला अंतरिक्ष केंद्र, युवाओं के सपनों को मिलेगा नया आकाश!