छत्तीसगढ़ की फ़िल्मी दुनिया को पहली बार विश्व रिकॉर्ड की उपलब्धि

बलौदाबाज़ार। कभी अपने अद्भुत पराक्रम और परोपकार के लिए पहचाने जाने वाले चिंताराम टिकरिहा का नाम समय की धूल में दब गया था। लेकिन अब उन्हीं की जीवनी पर बनी डॉक्यूमेंट्री ने विश्व रिकॉर्ड बनाकर न सिर्फ़ उनकी यादों को जीवंत किया है बल्कि छत्तीसगढ़ फ़िल्म जगत के इतिहास में नया अध्याय भी जोड़ा है। जिला ऑडिटोरियम बलौदाबाज़ार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ‘छत्तीसगढ़ के भीम – चिंताराम’ डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म को विश्व कीर्तिमान से नवाज़ा गया। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ फ़िल्म जगत के इतिहास में पहला विश्व रिकॉर्ड है। इस फ़िल्म के निर्देशक एस अंशु धुरंधर को छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के हाथों सम्मानित किया गया। यह रिकॉर्ड “हाइएस्ट नम्बर ऑफ इंडिविजुअल इंटरव्यूज़ फीचर्ड इन अ बायोग्राफिकल डॉक्यूमेंट्री” श्रेणी में दर्ज हुआ है। उल्लेखनीय है कि इस फ़िल्म में कुल 245 व्यक्तियों के साक्षात्कार शामिल किए गए हैं, जो किसी जीवनी-आधारित वृतचित्र में पहली बार हुआ है। डॉक्यूमेंट्री का विषय रहे चिंताराम टिकरिहा (1880–1982) बलौदाबाज़ार ज़िले के ग्राम बुड़गहन के निवासी थे। वे लगभग 900 एकड़ कृषि भूमि के स्वामी होने के बावजूद अपना जीवन समाजसेवा, परोपकार और जनहित के कार्यों को समर्पित किए। उन्होंने विद्यालय की स्थापना के लिए भूमि दान की, तुरतुरिया मंदिर का जीर्णोद्धार कराया, सड़क निर्माण के लिए अपनी ज़मीन दी, असंख्य ज़रूरतमंदों को रोज़गार और आर्थिक सहयोग प्रदान किया। उनके द्वारा असहाय लोगों के विवाह, दशगात्र और अन्य सामाजिक आयोजनों का व्यय भी स्वयं उठाया जाता था। उनकी असाधारण शक्ति के कारण उन्हें “छत्तीसगढ़ का भीम” कहा जाता था। फ़िल्म निर्देशक अंशु धुरंधर ने लगभग नौ वर्षों तक शोध कर चिंताराम टिकरिहा के भूले-बिसरे इतिहास को एक प्रमाणिक डॉक्यूमेंट्री के रूप में प्रस्तुत किया। इस फ़िल्म को पहले ही रायपुर आर्ट फ़िल्म फ़ेस्टिवल में विशेष स्क्रीनिंग मिल चुकी है और अब यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक ऑफ़ इंडिया में दर्ज होकर छत्तीसगढ़ फ़िल्म उद्योग के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बन गई है। इस अवसर पर मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि – “ऐसी फ़िल्में नई पीढ़ी को अपने क्षेत्र के गौरव, परोपकार और संस्कारों से जोड़ने में बड़ी भूमिका निभाती हैं। यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए सम्मान की बात है।”

सितम्बर 19, 2025 - 22:23
 0  42
छत्तीसगढ़ की फ़िल्मी दुनिया को पहली बार विश्व रिकॉर्ड की उपलब्धि