महिलाओं को पैसों का लालच देकर वेश्यावृत्ति, दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बीती रात नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में देह व्यापार के एक मामले का भंडाफोड़ किया गया। पुलिस ने केलो बिहार कॉलोनी में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संतोष सोनी के मकान में किरायेदार डिंपी उर्फ राहुल इजारदार बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार करवा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान भेजा। पाइंटर से संकेत मिलते ही थाना चक्रधरनगर और साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने मकान की घेराबंदी कर छापा मारा।छापेमारी के दौरान मकान से तीन महिलाएं, आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार और नागेंद्र विश्वकर्मा निवासी कोतरारोड को पकड़ा गया।मौके से देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन और नकद राशि जब्त की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि डिंपी किराये के मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर वेश्यावृत्ति करवाता था और स्वयं इसका संचालन करता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फ़रवरी 2, 2026 - 16:33
 0  28
महिलाओं को पैसों का लालच देकर वेश्यावृत्ति, दो आरोपी गिरफ्तार