रायपुर के प्रथम पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला से पेंशनर्स महासंघ का प्रतिनिधिमंडल मिला, सेवानिवृत्ति दिवस पर सभी देयताओं व पीपीओ एक साथ देने का आग्रह

रायपुर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर के प्रथम पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला से सौजन्य भेंट कर उन्हें रायपुर में प्रथम पुलिस कमिश्नर बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस विभाग में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर ज्ञापन सौंपते हुए आग्रह किया कि सेवानिवृत्ति के दिन ही संबंधित अधिकारी/कर्मचारी को सम्मानपूर्वक विदाई दी जाए तथा उसी दिन पेंशन भुगतान आदेश (PPO) के साथ ग्रेच्युटी, भविष्य निधि (GPF), अवकाश नगदीकरण, जीआईएस सहित सभी वैधानिक देयताओं का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। पेंशनर्स महासंघ ने बताया कि प्रायः देयताओं में अनावश्यक विलंब के कारण सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मानसिक एवं आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि सेवानिवृत्ति दिवस पर ही समस्त भुगतान कर दिए जाएँ, तो यह न केवल कर्मचारियों के प्रति विभाग की संवेदनशीलता को दर्शाएगा, बल्कि कार्यरत कर्मचारियों में भी सकारात्मक संदेश और विश्वास का संचार करेगा। प्रतिनिधिमंडल में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव, प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी, कोषाध्यक्ष बी. एस. दसमेर, रायपुर संभागीय अध्यक्ष प्रवीण कुमार त्रिवेदी, रायपुर जिला अध्यक्ष आर. जी. बोहरे सहित पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारी नरसिंग राम, के. जे. विंसेंट, मालिक राम वर्मा आदि शामिल थे। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रतिनिधिमंडल को बधाई देने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी कमिश्नरी में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के मामलों में पेंशनर्स महासंघ की भावना के अनुरूप संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही किए जाने का पूरा प्रयास करने का भरोसा दिया।

फ़रवरी 4, 2026 - 15:24
 0  22
रायपुर के प्रथम पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला से पेंशनर्स महासंघ का प्रतिनिधिमंडल मिला, सेवानिवृत्ति दिवस पर सभी देयताओं व पीपीओ एक साथ देने का आग्रह
रायपुर के प्रथम पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला से पेंशनर्स महासंघ का प्रतिनिधिमंडल मिला, सेवानिवृत्ति दिवस पर सभी देयताओं व पीपीओ एक साथ देने का आग्रह